थाना क्षेत्र के बेलवादह में पंप हाउस पर बिजली पहुंचाने के लिए हो रहे विद्युतीकरण कार्य के दौरान बुधवार की रात खंभे से गिरकर श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। नाराज ग्रामीणों ने शव को घंटों रोके रखा। एसओ शोभनाथ यादव ने संबंधित ठेकेदार से वार्ता कर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा का दिलवाया। इसके बाद जाकर लोग शांत हुए।
बेलवादह स्थित पंप हाउस पर बिजली पहुंचाने के लिए डिबुलगंज-बेलवादह रोड के किनारे-किनारे विद्युतीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसका ठेका वाराणसी की एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के पास है। बुधवार की रात करीब आठ बजे खजुरा गांव निवसी भोला पटेल (30) बेलवादह में ब्लाक नंबर तीन के पास गाड़े गए खंभे पर चढ़कर कंडक्टर लगा रहा था, तभी अचानक से पोल टेढ़ा हो गया। इससे झटका खाकर वह नीचे गिर पड़ा।
ग्रामीण आनन-फानन में उसे लेकर नेहरू शताब्दी चिकित्सालय जयंत पहुुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव उठाने से रोक दिया। एसओ शोभनाथ ने ठेकेदार से बातकर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपया बतौर मुआवजा दिलवाया।