ब्लाक क्षेत्र के चपकी लैम्पस पर गुरुवार को आक्रोशित किसानों ने नारेबाजी कर विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही धान खरीद का भुगतान दो दिन के भीतर न होने पर धरना की चेतावनी दी।
बताया जाता है कि चपकी लैम्पस पर पांच हजार कुंतल धान खरीद का लक्ष्य था। लेकिन 1631 कुंतल ही धान की खरीद हो पाई। उसमें भी 22 लाख की जगह सिर्फ सात लाख रुपये का ही किसानों को धान की खरीद का भुगतान किया गया है। अभी भी 250 किसानों को 15 लाख रुपये धान खरीद का भुगतान बकाया है। होली पर्व के नजदीक आने की वजह से किसान गुरुवार को दोपहर में चपकी लैम्पस जा पहुंचे और धान का भुगतान मांगने लगे।
सचिव अयोध्या प्रसाद ने बताया कि अभी लैम्पस पर 800 कुंतल धान डंप पड़ा हुआ है। जब तक इसकी डिलेवरी नहीं हो जाती है तब तक भुगतान संभव नहीं है। इसके बाद किसानों ने नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रदेश सरकार को भी किसान विरोधी करार दिया। प्रदर्शन करने वालों में रमेश चंद्र, भगौती प्रसाद, संजय, बाबूलाल, सुरेश प्रसाद, कन्हैयालाल, परशुराम शामिल रहे।