बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद के अनुसूचित जाति, जनजाति कर्मचारी कल्याण समिति की तरफ से बुधवार की शाम परियोजना के इंद्रधनुष प्रेक्षागृह में संत रविदास, महात्मा ज्योतिबा राव फुले, संत गाडगे की जयंती के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि कार्यकारी निदेशक (रिहंद) केआरसी मूर्ति ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया।
कहा कि महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर ही हम समाज का उत्थान कर सकते हैं। समिति द्वारा संचालित अंबेडकर विद्यालय डोड़हर की शिक्षिकाओं को बेहतर शिक्षण के लिए सम्मानित भी किया। महाप्रबंधक (टीएस) राजकुमार ने कहा कि अपनी सोच को ठीक रखकर हम समाज को आगे बढ़ाने में कामयाब हो सकते हैं। महाप्रबंधक (ओएंडएम) एके मुखर्जी ने कहा कि इन महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर हम सब बेहतर समाज का निमार्ण कर सकते हैं। एजीएम एचआर केएस मूर्ति ने कहा कि समय-समय पर महापुरुषों ने समाज को मार्ग दिखाने का काम किया है। केंद्रीय विद्यालय के अंग्रेजी प्रवक्ता जय गोपाल, रामदास आदि ने महापुरुषों के कृतित्व और व्यक्तित्व का बखान किया। मिथिलेश शर्मा, रामजी, शिवनाथ ने भजन की प्रस्तुति दी। सुशीला देवी और रिंकू की अगुवाई वाली टीम ने महापुरुषों के जीवन पर आधरारित गीत की प्रस्तुति दी। संचालन परमेश्वर भारती और धन्यवाद ज्ञापन समिति उपाध्यक्ष कनक लाल ने किया। वरिष्ठ प्रवंधक (ईडीसी) रवींद्र सिंह, प्रभारी राजभाषा एवं जनसंपर्क अधिकारी मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव, सीआईएसएफ़ के एसआई संत कुमार, मुखराम, अशाराम, भैयालाल आदि मौजूद रहे।