अतिनक्सल प्रभावित सोनभद्र जिले में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए 51 स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 213 माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती की गई है। मतदान के दिन मतदेय स्थलों का भ्रमण कर स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं आर्ब्जवर पल-पल की सूचना चुनाव सेल को देते रहेंगे। चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के गतिविधियों पर भी उनकी नजर होगी।
बताते चले कि आठ मार्च को सांतवें एवं अंतिम चरण में घोरावल, राबर्ट्सगंज, ओबरा, दुद्धी विधान सभा के 1348 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रत्येक बूथों के बाहर डीएम, एडीएम, एसपी, एएसपी, सीओ, थाना/चौकी प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों का मोबाइल नंबर लिखा पंफ्लेट चस्पा होगा, ताकि चुनाव के दौरान किसी मतदाता को कोई समस्या होती है तो वह तत्काल अधिकारियों को सूचित कर सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी पीके उपाध्याय के निर्देश पर संबंधित अधिकारी जिन बूथों पर आनेजाने के लिए सड़क, पेयजल, बिजली आदि की समस्या है उसे दूर करने में लगे है।
उप जिला निर्वाचन रामचंद्र ने बताया कि मतदान शुरू होने से एक घंटे पूर्व 51 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 213 माइक्रो आब्जर्वर उन्हें जो मतदेय स्थल एलाट किए जाएंगे वहां भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने लगेंगे।
उनके क्षेत्र के किन बूथों पर प्रत्येक घंटे कितने मतदान पड़े और वोटिंग कराने में किसी प्रकार की समस्याएं तो नहीं हो रही है कि रिपोर्ट चुनाव सेल को देनी होगी। स्टैटिक मजिस्ट्रेट और माइक्रो आब्जर्वर कोई प्रत्याशी या उनके समर्थक वोटरों को खुद के पाले में करने के लिए किसी तरह का प्रलोभन या उन्हें धमका तो नहीं रहा है, इस पर भी पैनी नजर रखेंगे। मतदेय स्थलों के दो सौ मीटर के अंदर मौजूद रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।