हिण्डाल्को रेणुपावर की ओर से ग्रामीण विकास कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मकरा स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शून्य से एक वर्ष तक के 35 बच्चों ने भाग लिया। ग्रामीण विकास विभाग प्रभारी समर जैन ने बताया कि स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जनसंख्या नियंत्रण के प्रति चेतना जागृत करना, ग्रामीणों को शिशुओं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना और प्रत्येक शिशु का समय पर टीकाकरण कराने के लिए जागरूक करना है।
ग्रामीण विकास विभाग के चिकित्सक डॉ. सत्य प्रकाश गुप्ता ने प्रतिभागी शिशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण, ऊंचाई, वजन आदि की जांच की। इस दौरान मकरा के पूर्ण रूप से स्वस्थ पांच शिशुओं को चयनित कर उनकी मां को पुरस्कृत किया गया। ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को, बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाता है। राजनाथ यादव, सुनीता शर्मा, रमेश चंद्र, छोटू कुमार आदि इस दौरान मौजूद रहे।