घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से अपहृत युवती को पुलिस ने मैनपुरी से ढूंढ निकाला है। अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। उसका कोर्ट के जरिये चालान कर दिया गया है। वहीं युवती को महिला पुलिस के संरक्षण में नारी निकेतन गृह भेजा गया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से लगभग आठ माह पूर्व युवती (21) अपहृत हो गई थी। युवती के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नवंबर 2020 में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था। युवती की तलाश चल रही थी। इस बीच मुखबिर के जरिये युवती के मैनपुरी में होने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस ने वहां पहुंचकर मैनपुरी जिले की पुलिस की मदद से युवती को बरामद कर लिया। उसके साथ रहे व्यक्ति टिंकू यादव निवासी सीतापुर जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार किया गया। घोरावल से मैनपुरी गई टीम में एसआई राम गोविंद यादव, कांस्टेबल अरविंद कुमार और महिला कांस्टेबल प्राची शुक्ला रहे। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि आरोपी का चालान कर दिया गया है। युवती को महिला पुलिस संरक्षण में नारी निकेतन गृह भेजा गया।