घोरावल। दी घोरावल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को अधिवक्ताओं की बैठक की गई। इसमें निर्वाचन संबंधी कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए चुनाव के लिए घोषणा की गई। तय किया गया कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित अन्य पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री एक फरवरी से प्रारंभ होगा।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन व मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रयाग दास ने बताया कि संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए पांच सदस्यीय एल्डर कमेटी का गठन किया गया है। इसमें अध्यक्ष प्रयाग दास और सदस्यों के रूप में विंध्यवासिनी सिंह, श्याम बिहारी यादव, गोपाल सिंह व अफजाल अहमद सिद्दीकी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 29 जनवरी को 12 बजे तक सदस्यता अभियान चलेगा और उसी दिन शाम चार बजे सदस्यता सूची का प्रकाशन होगा। 30 जनवरी को सदस्यता सूची पर आपत्ति व अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। एक व दो फरवरी को नामांकन पत्रों की बिक्री व जमा करने का काम होगा। तीन फरवरी को नामांकन पत्रों की वापसी, जांच और प्रत्याशियों की सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद पांच फरवरी को सुबह 11 से दो बजे तक पदाधिकारियों के निर्वाचन के लिए मतदान किया जाएगा। तीन बजे मतगणना के पश्चात परिणाम की घोषणा की जाएगी। इस मौके पर महेश यादव, शिवजतन विश्वकर्मा, गुलाब सिंह, फखरे आलम, आशुतोष कुमार मिश्रा, कमलेश कुमार मौर्या, आलोक कुमार सिंह, अवधेश कुमार सिंह आदि रहे।