रेणुकूट। प्रदेश के सबसे बड़े रिहंद बांध का जलस्तर लगातार बढ़ने पर एक बार फिर फाटक खोल दिए गए। फाटक को 15 फीट तक खोलकर पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इस साल चौथी बार फाटक खोले जाने की स्थिति बनी है। फिलहाल बांध का जलस्तर 869.4 फीट दर्ज किया गया है।
पानी की आवक लगातार बने रहने के कारण यह स्तर 869 फीट से ऊपर स्थिर है। बांध से करीब 20 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है, जिसमें लगभग 300 मेगावाट बिजली उत्पादन से निकलने वाला पानी और फाटक खोलने से छोड़ा जा रहा पानी शामिल है। बता दें कि इस वर्ष रिहंद बांध के फाटक इससे पहले तीन बार खोले जा चुके हैं। पहली बार जुलाई के अंतिम सप्ताह में, दूसरी बार अगस्त के प्रथम सप्ताह में और तीसरी बार बीते सप्ताह भारी बारिश के चलते फाटक खोलने पड़े थे। अब चौथी बार बृहस्पतिवार को फाटक खोले जाने के बाद शुक्रवार तक लगातार पानी डिस्चार्ज किया गया।