चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा में एक दूकान की जांच करने गए खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ दूकानदारों ने दुर्व्यवहार किया। जिला अभिहित अधिकारी की सूचना पर चोपन और हाथीनाला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तो सभी भाग निकले। पुलिस की मौजूदगी में दूकान में सामानों की सैंपलिंग की गई। टीम ने कई अन्य दूकानों की जांच की। उधर टीम ने रेणुकूट और शाहगंज में भी सामानों की सैंपलिंग की
दिपावली के मद्देनजर जिले के खाद्य अधिकारियों की टीम दूकानों की जांच कर रही है। सोमवार की दोपहर जिला अभिहित अधिकारी मानिक चंद सिंह की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार राय और प्रमोद कुमार सोनकर गुरमुरा स्थित चेतक इंटर प्राइजेज पर जांच के लिए पहुंचे थे। जांच में पाया कि एक बार प्रयोग में लाया गया तेल दोबारा प्रयोग में लाया जा रहा है।
इस पर उन्होंने सैंपलिंग लेने का प्रयास किया तो दूकान पर मौजूद कई लोगों ने टीम से उलझ गए। इस पर अभिहित अधिकारी ने डीएम और एसपी को मामले से अवगत कराया। एसपी के निर्देश पर चोपन और हाथीनाला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। यहां पुलिस की मौजूदगी में टीम ने तेल की सैंपलिंग की। यहां का मेस गंदा पाया गया। बताया कि मैनेजर के माफी मांगने पर एफआईआर नहीं कराई गई लेकिन दुकान का चालान करने का निर्देश दिया गया है। यहां मिक्स बनी दाल का भी सैंपल भरा गया। शाहगंज संवाददाता के मुताबिक थाना क्षेत्र के शाहगंज से ओबराडीह जा रहे हरिश्चंद्र यादव के दूध का सैंपल लिया गया। रेणुकूट संवाददाता के मुताबिक रेणुकूट में कामधेनु स्वीट हाउस का भी निरीक्षण किया गया और सैंपल किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र की करीब दर्जन भर दूकानों का निरीक्षण किया गया।