अनपरा डी परियोजना की पांच सौ मेगावाट वाली पहली इकाई रविवार की तड़के ट्यूब लीकेज के चलते फिर ठप हो गई। इकाई को फिर लाइटअप कर उत्पादन पर लेने की कोशिश हो रही है।
एक हजार मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली अनपरा डी परियोजना की पहली इकाई को तीन दिन पहले ही उत्पादन पर लिया गया था। इसे 14 दिन तक उत्पादन पर रखने के बाद लगातार 72 घंटे पूरी क्षमता से चलाकर वाणिज्यिक उत्पादन पर लिया जाना था, लेकिन रविवार की तड़के लगभग तीन बजे इकाई ट्रिप हो गई।
इकाई को फिर लाइटअप कर उत्पादन पर लेने की कोशिश हो रही है। बताते चलें कि गत 31 मार्च को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इकाई का लोकार्पण किया था। योजना के मुताबिक लोकार्पण के सौ दिन के भीतर इकाई से वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक इकाई को 14 दिन तक लगातार उत्पादन पर रखने की प्रक्रिया ही पूरी नहीं हो सकी है।
इस परियोजना के निर्माण में तीन साल की देर हो चुकी है।
लागत भी ढाई हजार करोड़ ज्यादा हो गई है। अनपरा परियोजना के सीजीएम इं. त्रिभुवन तिवारी ने इकाई के ट्रिप होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि इकाई को फिर से उत्पादन पर लाने की कवायद शुरू कर दी गई है।