युवक मंगल दल के जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को राबर्ट्सगंज के दंडइत बाबा मंदिर पर हुई। इसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया
और अभियान की सफलता के लिए अंजय यादव को प्रभारी नियुक्त किया गया। संगठन की सफलता समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाकर लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष सौरभकांत पति तिवारी ने कहा कि जिले में कार्यकर्ता शिक्षा जागरूकता अभियान चलाएं। शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत गरीब छात्रों को नि:शुल्क शिक्षा देने का प्राविधान है
लेकिन लोगों के जागरूकता के अभाव के कारण यहां के निजी विद्यालयों द्वारा गरीब छात्रों को उनके अधिकार से वंचित कर दिया जा रहा है।
संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें, जिससे सब पढ़े सब बढ़ें के नारे को सच किया जा सके। पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंजय यादव को शिक्षा जागरूकता अभियान व बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान का प्रभारी बनाया गया।
अंजय यादव ने कहा कि जिले में शिक्षा का स्तर निम्न है। जिला उपाध्यक्ष संजय गुप्ता कहा कि बेटियों को शिक्षा देने के मामले में भी हमारा जनपद काफी लापरवाह है।
जिले के पिछड़े क्षेत्रों में बेटियों को आज भी बेटों से कम महत्व दिया जाता है। कहा कि संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटक और प्रोजेक्टर के माध्यम से डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाकर लोगों को जागरूक करेंगे।
बैठक में शांता भट्ठाचार्या, रजनीश कुमार पांडेय, अभिषेक श्रीवास्तव, नागेंद्र मोदनवाल, सत्य देव, अमित पांडेय, अनुज सिंह, मिनहाज आदि रहे।