सोनभद्र। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या फिर बढ़ने लगी है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान राबर्ट्सगंज स्थित एक बालिका इंटर कालेज की छात्रा सहित 41 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर संक्रमित मरीजों की संख्या 4522 हो गई है। छात्रा की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर विद्यालय बंद कर दिया गया है। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 30 मरीज इलाज के बाद शनिवार को स्वस्थ घोषित किए गए।इसके साथ ही स्वस्थ होने वालो की संख्या 4193 हो गई है। शनिवार को 41 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 262 हो गए हैं। इसकी पुुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की है।
उधर, चिकित्सकों की टीमें शनिवार को भी संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। शनिवार को 1847 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए गए। इसके अलावा शनिवार को 1830 लोगों की रिपोर्ट भी आई। जिसमें 41 पाजिटिव और 1789 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक 199752 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए जा चुके हैं। इनमें से 198083 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 4522 पाजिटिव और 193561 निगेटिव मिले हैं। संक्रमित मरीजों में से 67 की मौत हो चुकी है। जिसमें से 23 की मौत सोनभद्र और 44 की दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है। शनिवार को संक्रमित मिले लोगों के आवासों के आसपास बैरिकेडिंग करने व सैनिटाइजेशन के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।