सोनभद्र। बालू और गिट्टी लदे ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ सोमवार की रात टीम ने अभियान चलाया। एसडीएम रमेश कुमार, सीओ राम आशीष यादव और खान विभाग की टीम ने हाथीनाला थाना क्षेत्र में जांच शुरू की। इसकी भनक लगते ही चालक जहां तहां वाहनों को खड़ा कर भाग निकले। टीम ने ओवरलोड बालू लदे चार टीपर और एक हाइवा को पकड़ कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
जिलाधिकारी एस. राज लिंगम ने सदर एसडीएम कृपाशंकर पांडेय, घोरावल एसडीएम जैनेंद्र सिंह, ओबरा एसडीएम प्रकाश चंद्र और दुद्वी एसडीए रमेश कुमार को अवैध खनन और ओवरलोड पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। वहीं पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने सीओ और थाना प्रभारियों को ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसी क्रम में सोमवार की रात दस बजे हाथीनाला के समीप एसडीएम, सीओ और खान विभाग के अधिकारियों की टीम ने पुलिस बल के साथ ओवर लोह वाहनों की जांच शुरू की।
इस दौरान बालू लदे टीपर और ट्रकों को रोक कर जांच की। इसकी खबर मिलते ही चेकिंग स्थल से पहले सड़क के किनारे ओवरलोड वाहनों को खड़ा कर चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। वहीं चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने ओवरलोड पांच वाहनों को पकड़ लिया। उपजिलाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि निर्धारित मात्रा से अधिक उपखनिज करने के आरोप में चार टीपर और एक हाइवा ट्रक को पकड़ कर हाथीनाला पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। चेतावनी देते हुए कहा कि ओवरलोड परिवहन किसी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। क्षेत्राधिकारी रामआशीष यादव ने कहा कि ओवरलोड वाहनों का संचालन कराने वालों को भी चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।