अपना दल-एस के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को एडीएम को ज्ञापन देकर डाला बाजार नगर पंचायत की समस्याओं से अवगत कराया। उसका शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
अपना दल-एस के जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत चुनाव के बाद से डाला नगर में सड़क, नाली, खड़ंजा, पुलिया, सोलर लाइट और सफाई से संबंधित जो भी कार्य कराए गए हैं, उसकी गुणवत्ता ठीक नहीं है।
इसकी जांच कराने की जरूरत है। पूर्व में डाला नगर में ओबरा के नए तहसील कार्यालय निर्माण का प्रस्ताव था। यहां तहसील भवन नहीं बनने की स्थिति में प्रस्तावित स्थान पर एक बड़े खेल का मैदान और मांगलिक समारोहों के लिए एक कल्याण मंडपम का निर्माण कराया जाए।
अचलेश्वर महादेव मंदिर के नीचे से सेक्टर बी चौराहे पर रविनाथ सिंह के घर तक आरसीसी रोड का नवनिर्माण कराया जाए। यह सड़क पूरी तरह से समाप्त हो गई है। प्रतिनिधिमंडल में आनंद पटेल दयालु आदि शामिल रहे।