महुली। विंढमगंज थाना क्षेत्र के कोरगी बालू खनन साइट पर नदी में शुक्रवार को एक श्रमिक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के पीपरडीह गांव के रहने वाले गोरख (35) के रूप में की गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतक के घरवाले और ग्रामीण शव ले जाने से इंकार कर दिए। एसडीएम ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया, फिर भी वे शांत नहीं हुए। क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो ने नाराज लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस शव को पीएम के लिए सीएचसी दुद्घी ले गई। वहीं मृतक के पिता की तहरीर पर तीन लोगों पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोरगी बालू साइट पर शुक्रवार की अलसुबह एक श्रमिक का कनहर नदी में पानी में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पीपरडीह गांव निवासी गोरख पुत्र मदन सिंह गोड़ के रुप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही दुद्धी सीओ संजय वर्मा, कोतवाल अशोक सिंह एवं विंढमगंज थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह मयफोर्स मौके पर पहुँच गए। लेकिन ग्रामीणों ने शव को ले जाने से इंकार कर दिया। इसकी जानकारी सीओ ने उच्चाधिकारियों को दी। कुछ ही देर बाद दुद्धी उपजिलाधिकारी सुशील कुमार यादव ने मौके पर पहुंच कर मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की सरकारी मुआवजा देने की बात कही और अपनी ओर से मृतक के अंतिम संस्कार के लिए तीस हजार रुपये देने का वादा किया। फिर भी ग्रामीण शव उठाने का विरोध करते रहे। परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। मृतक के पिता मदन का कहना था कि उसका बेटा (मृतक) बालू खदान में लदी ट्रकों पर बालू लेबलिंग करता था। मृतक के नाक व मुंह से खून बह रहा था। बृहस्पतिवार की शाम 6 बजे मृतक को बालू खनन क्षेत्र में काम करते हुए देखा गया था और शुक्रवार की सुबह होते ही उसके मौत की खबर मिली जो हजम नहीं हो रहा है। क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो ने घटनास्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझाया तब जाकर सभी लोग शांत हुए और शव उठाने को राजी हुए। सीओ संजय वर्मा ने कहा कि परिजन जो तहरीर देंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तीन चिकित्सकों के पैनल ने वीडियो कैमरे की नजर में शव का पीएम किए। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को घरवालों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। वहीं देर शाम मृतक के पिता मदन सिंह गोंड के तहरीर पर पुलिस ने वीरेंद्र सिंह जादौन, पुष्पेंद्र जादौन, अरविंद सिंह जादौन के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।