म्योरपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़री के खन्ता टोले में बृहस्पतिवार को निर्भय के मिले शव के मामले में पुलिस ने सात के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर आरोपी बनाए गए लोगों ने रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से पुलिस के उच्चाधिकारियों को पत्रक भेज कर प्रकरण की विस्तृत जांच कराने की मांग की है।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के खन्ता टोले में बृहस्पतिवार की सुबह निर्भय (50 ) का शव मिला था। निर्भय का शव उसके घर से थोड़ी ही दूरी पर बेल के पेड़ के नीचे मिला था। मृतक के गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था, जबकि उसका एक टुकड़ा बेल के पेड़ पर लटक रहा था। थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि मृतक के बेटे सत्य नारायण की तहरीर पर उसी गांव के रहने वाले रामकिशुन, बृजमोहन, अमरेश, जुगेश, अशोक, सरोज व लालबाबू के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। वादी का आरोप है कि विपक्षीगणों ने भूमि विवाद के चलते घर में घुस कर उसके पिता को पीटकर मौत के घाट उतार दिया।