बभनी। क्षेत्र के पोखरा गांव में रविवार को एक महिला ने अपने चचेरे ससुर के गर्दन पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर कर घायल कर दिया। घायल को जिला चिकित्सालय लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया गया।
खोतोमहुआ निवासी भगवान दास (60) रविवार की दोपहर में करीब एक बजे अपने भतीजे बालकेश्वर के घर पहुंचे। घर पहुंचने पर बालेश्वर की पत्नी उर्मिला चचेरे ससुर भगवानदास को खाना खाने के लिए दी। जब भगवानदास खाना खाने लगे तो उर्मिला ने उनके गर्दन पर कुल्हाड़ी से दो बार प्रहार कर दी। इससे लहूलुहान होकर भगवान दास वहीं गिर गए। घटना के वक्त बालकेश्वर घर नहीं था। कुछ देर बाद जब गांव वालों को घटना की जानकारी हुई तो वे तत्काल बभनी थाने में घटना की सूचना दिए। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा, सब इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद यादव मयफोर्स घटनास्थल पर पहुंच गये। घायल भगवान दास को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि हमला करने वाली महिला मानसिक रूप से कमजोर है। जब इस संदर्भ में सब इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद यादव से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि अभी घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।