सोनभद्र/वैनी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जनपद सोनभद्र में सार्वजनिक तालाबों का सुंदरीकरण करते हुए अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जाना था। लगभग हर ग्राम पंचायतों में स्थित तालाबों का सुंदरीकरण कराते हुए अमृत सरोवर के रूप में विकसित किए जाने के लिए जोर शोर से काम शुरू हुआ। तय समय बीतने के बाद भी अभी तक कई गांवों में अमृत सरोवर का काम पूरा नहीं हो सका है। कहीं इंटरलॉकिंग का काम अधूरा है तो कहीं घाट का काम पूरा नहीं हो सका है।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शुरू में जनपद के 75 ग्राम पंचायतों में स्थित सार्वजनिक तालाबों को समृत सरोवर के रूप में विकसित किया जाना था। जिस क्रम में जिला पंचायत विभाग को 11 तालाब के सुंदरीकरण कराए जाने की जिम्मेदारी मिली थी। शेष तालाबों का सुंदरीकरण अन्य विभागों के सहयोग से किया जाना था।
इसके बाद हर ग्राम पंचायत स्तर पर सार्वजनिक तालाबों के सुंदरीकरण की योजना बनाई गई। जिसके तहत जिले भर में 200 से अधिक तालाबों का सुंदरीकरण किया जाना था। मगर अभी कई तालाबों का सुंदरीकरण नहीं हो सका है। सदर ब्लॉक के बेठिगांव निस्फ स्थित अमृत सरोवर के पश्चिम भींटे पर घाट का निर्माण पूरा नहीं हो सका है।
नगवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत पटवध में दो सार्वजनिक तालाब को अमृत सरोवर के रूप में चयनित किया गया है। मगर अभी तक काम पूरा नहीं हो सका है। अधिकारियों की मानें तो तालाब पर मनरेगा से इंटरलाॅकिंग व कटीले तार से घेराबंदी किए जाने का काम कराया जाना है। मगर बजट नहीं मिलने से काम पूरा नहीं हो पा रहा है। इसी तरह से नगवां ब्लॉक के वैनी, मऊ कला, धोसरा, खोडैला और दरेंव ग्राम पंचायत में अमृत सरोवर का काम पूरा नहीं हो सका हैं।
कहीं घाट तो कहीं बाउंड्री का काम अधूरा
रामगढ़। विकास खंड चतरा के कई ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर का काम पूरा नहीं हो सका है। इसमें केतार ग्राम पंचायत, एलाई ग्राम पंचायत के रईयां में बन रहे अमृत सरोवर का काम पूरा नहीं हो सका है। इसी तरह ग्राम पंचायत बरईल, जगदीशपुर, किचार और तियरा के बेलौड़ी गांव में अमृत सरोवर का काम अधूरा है। कहीं तालाब में घाट नहीं बना है तो कहीं बाउंड्री का काम अधूरा है। संवाद
-
करमा ब्लॉक में भी अधूरे हैं अमृत सरोवर
केकराही। विकास खंड करमा के सिरसिया और बकाही गांव में अमृत सरोवर का काम कराया जा रहा था। अभी तक सिरसिया में तालाब का काम अधूरा पड़ा है। ग्राम प्रधान राधेश्याम पटेल ने बताया कि अभी मनरेगा की मजदूरी नही मिल पाई है, जिससे काम रुका है। इसी तरह बकाही में अमृत सरोवर का काम अधूरा है। संवाद
-
वर्जन:
अमृत सरोवरों का काम 60:40 के अनुपात में कच्चा व पक्का कराना होता है। लगभग सभी अमृत सरोवरों काम पूरा हो गया है। जिन अमृत सरोवरों का काम अधूरा है, जल्द ही उन्हें पूरा करा दिया जाएगा। -लालजी शुक्ल, बीडीओ, चतरा।
वर्जन: 2
अभी कई ग्राम पंचायतों में मटीरियल का पैसा नहीं आने से काम रुका है। हाल ही में कुछ बजट मिला था, जिसे ग्राम पंचायतों को दे दिया गया है। जैसे ही बजट आता है, शेष ग्राम पंचायतों को भी भुगतान कर दिया जाएगा। -रवींद्र वीर यादव, डीसी मनरेगा।