सोनभद्र। भूमि संबंधित एक फाइल पर अधिकारियों के हस्ताक्षर कराने के नाम पर एक व्यक्ति से रुपये मांगना लिपिक को भारी पड़ गया। मामला संज्ञान में आने पर डीएम एस. राजलिंगम ने जिला भूमि व्यवस्था क्लर्क (डीएलआरसी) शंभूनाथ को निलंबित कर दिया है। प्रकरण की जांच सदर उपजिलाधिकारी यमुना धर चौहान को सौंपा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर लिपिक के विरूद्घ आगे की कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व डीएम के संज्ञान में यह बात आई कि डीएलआरसी एक व्यक्ति से भूमि संबंधित पत्रावली पर उच्चाधिकारियों के हस्ताक्षर कराने के नाम पर हजारों रुपये की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता ने डीएम से मिलकर लिपिक द्वारा धनराशि की डिमांड करने से संबंधित एक आडियो क्लिप भी सुनाया। इस आडियो क्लिप में लिपिक द्वारा शिकायतकर्ता से अधिकारियों के नाम पर रुपये की डिमांड करते हुए सुना जा रहा है। डीएम मामले को संज्ञान में लेते हुए लिपिक के खिलाफ कार्रवाई की। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम का कहना है कि आडियो क्लिप सुनने के बाद जिला भूमि व्यवस्था क्लर्क (डीएलआरसी) शंभूनाथ को निलंबित कर दिया गया है।