म्योरपुर। थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रासपहरी गांव में भैंसा नाला के पास सड़क पार करते समय शनिवार को टैंकर की चपेट में आकर एक बालक की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में मातम छा गया। मासूम अपने ननिहाल में मामा की मौत के बाद दसवें के कार्यक्रम परिवार वालों के साथ आया था।
मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रासपहरी गांव में भैंसा नाला के पास सड़क पार करते समय दीपक (6 ) पुत्र सुखदेव निवासी परनी की टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, ननिहाल में अपने मामा की हुई मृत्यु के बाद शनिवार को दसवां कार्यक्रम था। उसमें शामिल होने के लिए रासपहरी आया हुआ था। इस दौरान महिलाएं स्नान करके लौट रही थी तो दीपक भी उनके साथ था। सड़क पार कर रहा था तभी टैंकर ने धक्का मार दिया। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पुलिस आ गई और उन्हें समझाकर शांत कराया। एहतियात के तौर पर मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई थी। हादसे का कारण बने टैंकर को पुलिस ने रनटोला से पकड़ लिया, हालांकि चालक भागने में कामयाब रहा। उधर, शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ केंद्र भेज दिया।