शक्तिनगर। थाना क्षेत्र के खड़िया बाजार इलाके में शुक्रवार रात हुए हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवा दिया।
पुलिस के अनुसार, हाइवा को जब्त कर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि देर रात खड़िया बाजार निवासी पप्पू सिंह पटेल (40) शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर मौजूद खड़िया तिराहा बाइक से पार कर रहा था इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ गया। रहवासियों के मुताबिक हाइवा औढ़ी-शक्तिनगर फोर लेन का कार्य कर रही गावर कंपनी का था। वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह बाइक सवार का सिर कुचलता हुआ निकल गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर शक्तिनगर पुलिस घायल को एनटीपीसी परियोजना के संजीवनी चिकित्सालय ले गई लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंच कर मुआवजा की मांग करने लगे। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। समझौता न होने पर पुलिस ने चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया।