डाला। चोपन थाने के तेलगुड़वा में बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे एक पेड़ में बंधे फंदे के सहारे युवक का शव लटकते हुए दिखने पर सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डाला चौकी प्रभारी सरीमन सोनकर के मुताबिक तेलगुड़वा में एक पेड़ से युवक का शव लटका हुआ दिखने की सूचना मिली। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। शव मिलने की सूचना पर आस-पास गांव के लोग एकत्रित हो गए। शव की पहचान दिनेश शर्मा (30) पुत्र राजेन्द्र प्रसाद शर्मा निवासी चूड़ीगली डाला के रूप में हुई। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता ने पूछताछ में जानकारी दी कि उनका बेटा दिनेश लखनऊ में काम करता था। जो पंद्रह दिन पहले ही डाला आया था। दो दिन पहले दिनेश रुपये मांग रहा था, जिसे नहीं दिया गया। इस पर वह घर से यह कहकर चला गया कि अब वह वापस नहीं आयेगा। इस बीच बुधवार की शाम को उसका शव घर से काफी दूर पेड़ से लटकता मिला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय लोढ़ी भेज दिया गया।