घोरावल। कोतवाली अंतर्गत शिवद्वार चौकी के गांवकुंडा गांव में शनिवार को तालाब में डूबने से सुकुमारी कोल (48) की मौत हो गई। वह दो दिनों से लापता थी। दोपहर बाद उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बैजनाथ ग्राम पंचायत के गांवकुंडा गांव निवासी सुकुमारी कोल बृहस्पतिवार की देर रात शौच के लिए घर से निकली थी। शुक्रवार की सुबह जब वह घर पर नहीं मिली तो परिजन उसकी तलाश करने लगे।
काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार की देर शाम पुलिस को सूचना देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। घर से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर एक कुएं में गिरने की आशंका पर पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से कुएं से कुछ पानी को खाली भी कराया, मगर कुछ हाथ नहीं आया।
शनिवार को दोपहर में ग्रामीणों ने तालाब में महिला का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने तालाब से शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान सुकुमारी के रूप में हुई।
शिवद्वार चौकी प्रभारी रामज्ञान यादव और स्थानीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि महिला के बेटे सूर्यलाल की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। संवाद