बीजपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा डोडहर के टोला बेलहवा में रविवार की रात अमर (16) का शव फंदे से लटकता मिला। सुबह बहन उसे जगाने पहुंची तो शोर मचाया। किशोर ने किन कारणाें से यह कदम उठाया यह पता नहीं चल सका है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
डोडहर गांव के बेलहवा टोला निवासी रामजियावन का पुत्र अमर रविवार की रात भोजन कर अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार की सुबह देर तक नहीं उठा तो उसकी बहन कमरे में जगाने गई।
वहां बड़ेर में दुपट्टे के सहारे अमर का शव लटकता देखा। शोर सुनकर अन्य लोग भी पहुंचे। ग्राम प्रधान छत्तर पाल ने पुलिस को यूचना दी। अमर दसवीं कक्षा का छात्र था। दो भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था। पिता की मौत करीब 12 वर्ष पूर्व हो गई है।
पूरे घर की जिम्मेदारी बड़े भाई सोनू पर है। बीजपुर एसओ अखिलेश मिश्र ने कहा कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। किशोर ने यह कदम क्यों उठाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो रहा। परिजन भी कुछ बता नहीं पा रहे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।