दुद्धी। दुद्धी सहकारी फेडरेशन लिमिटेड बोर्ड की पहली बैठक चेयरमैन रईसा खातून की अध्यक्षता में बुधवार को संपन्न हुई। इसमें 14 बिंदुओं पर बोर्ड ने विस्तार से चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से मुहर लगा दी।
घंटों चली चर्चा में संचालक मंडल की बातों एवं सुझावों को सुनने के बाद चेयरमैन ने सर्वप्रथम संस्था की आयवृद्धि पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुद्धी ब्लाक के तुर्रीडीह गांव, म्योरपुर ब्लाक के सेंदुर गांव व बभनी में संस्था की आयवृद्धि के लिए धान व गेहूं क्रय केंद्र तथा खाद-बीज की दुकान खोली जाएगी। इसके अलावा डीसीएफ के आवासीय कालोनी में रह रहे किरायेदारों के किराये में नियम विरुद्ध किए वृद्धि को तत्काल वापस लेते हुए नियमानुसार हर तीन वर्ष पर किराए की रकम में 20 फीसदी की बढ़ोत्तरी की जाएगी। इसके साथ ही डीसीएफ की ओर से बनवाए गए कांप्लेक्स में दुकानों के आवंटन सहित अन्य बिंदुओं पर भी सर्वसम्मति से अहम निर्णय लिए गए। संचालन संस्था के सचिव एडीसीओ डॉ सुरेश कुमार ने किया। बैठक में मुख्य रूप से उपाध्यक्ष सूर्यमणि यादव, डायरेक्टर मोजिब अहमद, हरिहर प्रसाद, रामअधार, रीता देवी, धीरज आनंद, अयोध्या प्रसाद, संजय कुमार तिवारी, धनंजय कुमार, दिलीप कुमार आदि उपस्थित रहे।