गर्मी की त्योरियां अभी से चढ़ गई हैं। अप्रैल माह की शुरुआत के साथ ही आसमान से आग बरसने लगी है। सोमवार को पारा उछाल मारता हुआ 41.4 डिग्री तक पहुंच गया। यह तापमान पिछले साल की तुलना में 5.4 डिग्री अधिक है। इसके चलते लोग पूरे दिन बेचैन रहे। सड़कों पर दोपहर बाद से ही सन्नाटा हो गया था। वैज्ञानिकों ने इस साल पिछले साल से अधिक गर्मी पड़ने का अनुमान लगा रहे हैं।
इस साल कम वर्षा हुई और ठंड भी ज्यादा नहीं पड़ी। अब समय से पहले मौसम तल्ख होने लगा है। सोमवार को सूर्योदय के कुछ देर बाद से ही पारा चढ़ने लगा और दोपहर के बाद तापमान 40 पार हो गया। जिले में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि पिछले साल चार अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री था। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है, जो 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इससे लोग रात को चैन से सो नहीं पा रहे हैं।
कूलर, पंखे आदि चलाने की मजबूर हो गई है। अनपरा संवाददाता के मुताबिक सोमवार को सूबे में बिजली की मांग 11200 मेगावाट तक पहुंच गई थी, जिसके चलते जिले में विद्युत कटौती भी हुई। इस वजह से लोग चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं। दोपहर में कुछ देर के लिए बादल छाने के बाद थोड़ी राहत जरूर मिली लेकिन उमस भी बढ़ गई। दिन 11 से चार बजे बीच तो हवा में लू का एहसास होता रहा।