स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर विरोध जताते लोग।
डाला। चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा में बढती दुर्घटनाओं से क्षुब्ध लोगों ने बुधवार को तेलगुड़वा चौराहे पर प्रदर्शन किया। वे वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर दो जगहों पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे। आरोप लगाया कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पहले भी अधिकारियों से स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर आने जाने वाले वाहनों की गति बहुत ही तेज रहती है। उसी गति से कोटा-कोन मार्ग पर जाने वाले हजारों छोटे-बडे वाहनों की गति भी तेज रहती है। तेलगुड़वा चौराहे पर हमेशा यात्रियों की भीड़ रहती है। चौराहे पर छोटे बडे़ वाहन भी खडे़ रहते हैं। छोटे वाहन हो या बड़े वाहन सबका हाल यही है कि कोटा तेलगुड़वा मार्ग पर जाना हो या आना हो, दोनों ही स्थितियों में गति तेज रहती है, जबकि वहां मोड़ है। इसके बाद भी वाहन चालक बेपरवाह होकर गलत तरीके से गाड़ियों को तेज गति में मोड़ते हैं, जिसके चलते अब तक कई दुर्घटनाओं में तमाम लोगों की जान जा चुकी है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। दो दिन पहले तेलगुड़वा में ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई थी। लोगों का कहना है कि तेलगुड़वा-कोटा मार्ग पर स्थित तेलगुड़वा मोड़ पर स्पीड ब्रेकर होता तो दुर्घटना को रोका जा सकता था। वर्षों से हो रही दुर्घटनाओं से लोग भयभीत हैं। प्रदर्शन में आशीष, अनिल, राजेश, सुरेश, राजू, सिकंदर, शाहंशाह अली, ज्यूतराम, सुनील, त्रिवेणी, भोला, आरडी, अवधेश, सत्यनरायन शामिल रहे।