सोनभद्र जिले के घोरावल-मिर्जापुर मार्ग पर धुरकुरी गांव के पास आर्केस्ट्रा पार्टी का वाहन पलट गया। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान एक किशोरी की मौत हो गई।
सोनभद्र जिले के कोतवाली क्षेत्र के धुरकुरी गांव के पास बुधवार की रात आर्केस्ट्रा पार्टी का वाहन पलट गया। हादसे में किशोरी की मौत हो गई। जबकि दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
विज्ञापन
एक ही टेंपो में सवार थे करीब 10 लोग
घोरावल की आर्केस्ट्रा पार्टी वैवाहिक समारोह में कार्यक्रम के लिए टेंपो से मिर्जापुर के सुगापाख गांव जा रही थी। टेंपो में करीब 10 लोग सवार थे और साउंड सिस्टम लदा था। इसी दौरान धुरकरी गांव में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में घोरावल नगर के वार्ड नंबर 2 निवासी गंगाप्रसाद (28) पुत्र माले, शारदा (24) पत्नी गंगा प्रसाद, कन्हारी निवासी रामवृक्ष (29) पुत्र शिव, सिंगरौली के थाना गढ़वा निवासी फोटो कुमारी (18) पुत्री कमलेश और घोरावल निवासी दुर्गा कुमारी (16) पुत्री रामजीत गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों व पुलिस की सहायता से सभी को घोरावल सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय दुर्गा कुमारी की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।