बभनी। क्षेत्र सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडाड़ चपकी में तीन जुलाई को स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपचार करेंगे और निशुल्क दवा वितरित करेंगे। इसके पूर्व एक जुलाई से गांव-गांव में कैंप लगाकर मरीजों का मुफ्त इलाज करेंगे। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रांत सह संगठन मंत्री आनंद के नेतृत्व मे बैठक कर योजना बनाई गई। आयोजन को सफल बनाने को लेकर मंत्रणा भी की।
इस कार्यक्रम में 500 चिकित्सकों की टीम दुद्धी, बभनी, म्योरपुर, कोन, विकास खंड सहित सीमावर्ती छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और झारखंड में ग्रामीणों का उपचार व दवा वितरित करेगी। कार्यक्रम में 51 शिविर 200 गांव में आयोजित किए जाएंगे। 250 कार्यकर्ता शिविर की मॉनिटरिंग करेंगे। तीन जुलाई को सेवाकुंज कारीडाड़ में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया है। प्रांत सह संगठन मंत्री आनंदजी ने बताया कि यूपी के अलावा झारखंड के चार गांवों, मध्य प्रदेश के चार और छत्तीसगढ़ के चार गांवों में कैंप लगाकर मरीजों का उपचार किया जायेगा तथा नि:शुल्क दवा वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य शिविर का आयोजन पांच दिनों तक चलेगा जिसका समापन जिलाधिकारी कार्यालय में होगा। इस बैठक में रामकुमार, डॉ. हीरालाल, अनिल मौर्या, रामकेश, सूर्यकांत जायसवाल, सीताराम, डा. लालजी सुमन, उमाशंकर, अत्रि लाल केंद्र प्रमुख कृष्ण गोपाल उपस्थित रहे।