सोनभद्र। लंबे इंतजार के बाद अंतर जनपदीय तबादला पाने के इच्छुक शिक्षकों को बेसिक शिक्षा विभाग की उपेक्षा का शिकार होना पड़ा है। तबादला मंजूर होने के बाद भी बुधवार की देर शाम तक शिक्षक रिलिविंग का इंतजार करते रहे। पहले उन्हें घंटों बीएसए कार्यालय में बैठाया गया। यहां से बात नहीं बनी तो सीडीओ आवास पहुंचे।
बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात 124 शिक्षकों का अंतर जनपदीय तबादला हुआ है। तबादले के बाद से ही शिक्षक रिलिविंग के लिए बीएसए कार्यालय में भटक रहे हैं। तरह-तरह के दस्तावेजों की प्रक्रिया के बाद बुधवार को सुबह से ही रिलिविंग आदेश पाने के लिए महिला-पुरुष शिक्षक कार्यालय पर जुटे रहे। बीएसए के न होने की दलील देकर उन्हें इंतजार करने को कहा गया। देर शाम तक भी जब कोई नहीं पहुंचा तो शिक्षक भड़क गए। इसमें कई ऐसे शिक्षक भी रहे, जो दूरदराज से आए थे। महिला शिक्षकों के साथ उनके बच्चे भी थे। उमसभरी गर्मी में बेहाल शिक्षक अपनी समस्या लेकर शाम सात बजे सीडीओ आवास पहुंचे। यहां भी कोई बात नहीं बन सकी। शिक्षक अनुज मौर्य, पूनम, आशुतोष, गरिमा सिंह, अंकित सिंह आदि का कहना था कि उन्हें पांच जून तक नए स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश मिला है। इसके लिए वह सुबह से ही रिलिविंग ऑर्डर पाने का इंतजार कर रहे हैं। अगर समय से नहीं पहुंचे तो ज्वाइनिंग नहीं हो पाएगी।