चंदौली में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते शिक्षक। स्रोत: जागरूक पा
चंदौली। जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय का घेराव कर दिया। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के बैनर तले जुटे शिक्षकों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीएसए द्वारा कोई ठोस आश्वासन न मिलने और उनके कार्यालय से नदारद रहने के कारण आक्रोशित शिक्षक कार्यालय के मुख्य गेट पर ही धरने पर बैठ गए।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह व महामंत्री संजय सुमन कुमार सिंह ने किया। उन्होंने विभाग पर शिक्षकों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। शिक्षकों की प्रमुख मांगों में विज्ञान वर्ग के पात्र शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ दिए जाने, चकिया क्षेत्र में बीच सत्र के दौरान हटाए गए 13 नोडल व 52 संकुल शिक्षकों के निर्णय को तत्काल वापस लेने, पिछले छह महीनों से लंबित एनपीएस की राशि शिक्षकों के खातों में निर्गत करने तथा अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन न काटकर आकस्मिक अवकाश काटे जाने की व्यवस्था को नियमों के अनुरूप सुधारने की मांग शामिल है।