बभनी। शिक्षा क्षेत्र म्योरपुर के प्राथमिक विद्यालय धरकार बस्ती नधिरा में 3 से 5 अक्तूबर तक विद्यालय में शिक्षक के नहीं पहुंचने पर बच्चे भोजन के बाद बिना पढ़े ही घर लौट आए। सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षक विद्यालय पहुंचे। इस पर अभिभावकों ने नाराजगी जताई।
सोमवार को गांव के ही एक व्यक्ति ने विद्यालय का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में बच्चे बता रहे थे कि 3 अक्तूबर से विद्यालय में कोई शिक्षक नहीं आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार को 10 बजे शिक्षक को विद्यालय भेजा गया। विद्यालय पर तैनात शिक्षक करन कुमार ने बताया कि बीआरसी पर तीन अक्तूबर से ही प्रशिक्षण में ड्यूटी लगाई गई है। इस वजह से विद्यालय नहीं गया। इसकी जानकारी विभाग को दी गई है। एआरपी विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि विद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण में हैं। उनकी जगह दूसरे शिक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। गांव की मानमती देवी, गोविंदा, मंतोरिया देवी, अनिता देवी, मंगरु, अशर्फी लाल, सुगंती देवी, अमित कुमार, चानो देवी आदि ने बताया कि तीन दिन तक विद्यालय में अध्यापक पढ़ाने नहीं आए। सोमवार को भी लगभग सवा 10 बजे एक शिक्षक जयप्रकाश विद्यालय पहुंचे। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर विश्वजीत कुमार का कहना है कि विद्यालय बंद नहीं है। वहां वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था की गई है। वीडियो वायरल पर उन्होंने कहा कि इस तरह वीडियो बनाकर वायरल करना गलत है। वैसे यह वीडियो कब का है और इसकी प्रमाणिकता पर जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।