पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी सड़क पर उतरे और बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन कर अपनी मांगों पर ध्यान दिलाने की बात कही। बताते चलें कि शिक्षक कर्मचारी प्रदर्शन कर अपनी मांग रख रहे हैं इन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मांगे नहीं मानी गई तो आंदोलन और तेज होगा।
सोनभद्र में पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में गठित संयुक्त मोर्चा के बैनर तले शिक्षक-कर्मचारियों ने सोमवार को एकजुटता दिखाई। हाइडिल मैदान से कलेक्ट्रेट तक बाइक रैली निकाली। पीएम, सीएम को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
विज्ञापन
रैली में वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए सरकार से शीघ्र कदम उठाने की पुरजोर मांग की। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष योगेश पांडेय ने कहा कि पुरानी पेंशन हमारा अधिकार है और इसे हासिल करने के लिए हम पूरी तरह से संकल्पित हैं।
विज्ञापन
सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने भी पुरानी पेंशन की बहाली के लिए लगातार संघर्ष का संकल्प दोहराया। डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पांडेय ने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती।
लोक निर्माण विभाग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मिथिलेश ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों का यह अधिकार बहाल कर देना चाहिए। इसी प्रकार चतुर्थ श्रेणी महासंघ के जिलाध्यक्ष राजा राम दुबे ने कहा कि संशोधित पेंशन नहीं, बल्कि हूबहू पुरानी पेंशन चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष क्रांति सिंह सोमवंशी ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री शिक्षक-कर्मचारियों की मांग पर उचित कदम उठाएंगे और उन्हें उनका अधिकार देंगे। महिला शिक्षक संघ की महामंत्री कुंजलता त्रिपाठी ने कहा कि उनके संगठन के सदस्य भी इस आंदोलन में कदम से कदम मिलाकर चलेंगे।