अनपरा। एनएसयूआई पूर्वी यूपी के सचिव अंकुश कुमार दुबे ने अनपरा नगर पंचायत के ईओ को पत्र सौंपा है। उन्होंने नगर में परियोजनाओं की भूमि पर बसी आबादी के भूस्वामित्व का निपटारा नहीं होने तक कर न लगाने की मांग की है।
पत्र के माध्यम से बताया है कि नगर पंचायत में शामिल ककरी, परासी और औड़ी की कुल 412.60 एकड़ भूमि एनसीएल की ओर से अधिग्रहीत है, मगर उनके सापेक्ष प्रतिकर एवं पुनर्वास लाभ का भुगतान संबंधित भू स्वामियों को नहीं किया गया। वर्ष 1996 में इस भूमि को अधिग्रहण की प्रक्रिया से अलग किए जाने के लिए एनसीएल ने तहसीलदार-दुद्धी को प्रस्ताव भेजा था। अब इस भूमि पर किसानों के अलावा अन्य आबादी भी निवास करती है। इसी प्रकार औड़ी, कुलडोमरी और अनपरा में अनपरा तापीय परियोजना के लिए भी चिह्नित भूमि को बाद में अधिग्रहण की प्रक्रिया से अलग कर दिया गया। इस आबादी पर रह रहे लोगाें को बिजली कनेक्शन, पानी कनेक्शन भूमि पर बने मकान के आधार पर दे दिया गया, लेकिन उन्हें इन परिसंपत्तियों का मालिकाना हक प्राप्त नहीं है। ऐसी स्थिति में उन भवनों कर लेना गलत है।