सोनभद्र। जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में हुई। इसमें डीएम एस. राजलिंगम ने बताया कि जिले के लिए 78 लाख 80 हजार 30 पौधो को रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ऊंचे कद के पौधों को ही ज्यादातर रोपित करें।
डीएम ने कहा कि सरकार की महत्वांकाक्षी योजना वर्षाकाल 2020 को जन आंदोलन का रूप दिया जाय। एक गांव एक उत्पाद के आधार पर गांव के भौगोलिक परिस्थितियों व मिट्टी के अनुरूप फलदार पौध रोपित किये जाय। वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अभियान के नोडल डीएफओ सोनभद्र को निर्देशित किया कि भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उपयुक्त पौधों का चयन कर एक गांव एक उत्पाद के आधार पर स्थानीय मिट्टी के अनुरूप फलदार पौधों को रोपित करायें और कोशिश किया जाये कि ऊंचे कद के पौध रोपित किये जाये, जो आसानी से कम दिनों में बच सके।
डीएम ने बताया कि शासन से जिले के लिए 78 लाख 80 हजार 30 पौधो को रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित है । उन्होंने कहा कि शासन से निर्धारित वन विभाग के साथ ही अन्य विभाग के पौध रोपण अभियान के लक्ष्य को पूरा किया जाय। जिले में जो पौधशालाएं हैं, उनमें पौधों की उपलब्धता का सत्यापन किया जाय और जरूरत के मुताबिक पौधों की व्यवस्था सुनिश्चित कराया जाय। उन्होंने कहा कि जिले के औद्योगिक क्षेत्रों, क्रशर क्षेत्रों में भी पौध रोपित किये जाय। उप निदेशक कृषि व उद्यान अधिकारी किसानों से समन्वय स्थापित करके फलदार पौधो को रोपित करायें।
उद्यान विभाग एवं उपायुक्त एनआरएलएम समन्वय स्थापित कर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से फलदार पौधों को रोपित करायें। डीएम ने एक्सईएन लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि सुकृत से हाथीनाला मार्ग पर दोनों पटरियों पर पौध रोपित करने के लिए उपसा को पत्र भेजवाएं। बैठक में सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी, डीएफओ सोनभद्र संजीव कुमार सिंह, डीडीओ रामबाबू त्रिपठी, डीपीआरओ आरके भारती, डीसी मनरेगा टीबी सिंह, बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल आदि मौजूद रहे।