सोनभद्र जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में तुर्रा चौराहे के आगे नौकोठिया मोड़ के समीप बुधवार की भोर में एक डीजल लदा टैंकर पलट गया। उसमें भरा हजारों लीटर डीजल सड़क पर बह गया। इस दौरान डीजल लदे वाहन के पलटने की खबर पाकर पहुंचे तमाम लोग बाल्टी-डिब्बा लेकर डीजल भरने लगे। घटना की सूचना पाकर पहुंचे पेट्रोल पंप मालिक ने क्रेन की सहायता से टैंकर को खड़ा करवा दिया।
यह है पूरा मामला
अनपरा क्षेत्र के बासी में स्थित पेट्रोल पंप का टैंकर पीडीडीयूनगर से डीजल लेकर बासी जा रहा था। ट्रक चालक बभनी के सतबहनी निवासी जवाहर (40) ने बताया कि बुधवार की भोर में लगभग 4 बजे जब वह तुर्रा चौराहे से आगे बढ़ा तो टैंकर का ब्रेक अचानक काम करना बंद कर दिया। इस दौरान अचानक सामने से और पीछे से वाहन आने पर उसने जब वाहन को बाईं ओर किया तो वह सीधा पहाड़ी में टकराकर पलट गया।