ओबरा। पांच सूत्रीय मांगों को लेकर स्थानीय पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार पर चल रहा छात्र नेताओं का धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। विद्यालय प्रबंधन और छात्र नेताओं के बीच बृहस्पतिवार को हुई वार्ता विफल हो गई। यहां छात्रसंघ महामंत्री हरज्योत सिंह मोंगा ने कहा कि महाविद्यालय में खेल व्यवस्था एकदम ध्वस्त हो चुकी है। खेल मैदान में ढेरों गड्ढे हो गए हैं और बड़ी बड़ी घास भी उग आई है। खेल मैदान का जल्द से जल्द सुंदरीकरण करवाया जाए।
वाणिज्य संकाय अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि महाविद्यालय के एक मात्र ओबीसी छात्रावास की हालत एकदम जर्जर है। उनमें रहने वाले छात्रों के साथ कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती हैं। छात्रावास की मरम्मत कराई जाए। दूसरी ओर बृहस्पतिवार की शाम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. आरके पांडेय, डॉ. केके सिंह, डॉ. सुनील कुमार अनशनरत छात्र नेताओं से वार्ता करने अनशन स्थल पर पहुंचे। कॉलेज प्रशासन और छात्र नेताओं की वार्ता आधे घंटे तक चली लेकिन छात्रनेताओं ने प्राचार्य के मौखिक आश्वासन को मानने से इंकार कर दिया। सपा नेता रवि गौड़, संकट मोचन झा व पूर्व छात्र संघ महामंत्री अनिकेत श्रीवास्तव, जुबेर अहमद, शुभम पटेल, वैभव सिंह, राकेश जायसवाल, प्रमोद सोनी, करिमुल अंसारी, अभिषेक सेठ, रोहित पटेल, विकास पाठक, अक्षय पांडेय, धीरज यादव मौजूद रहे।