तहसील परिसर में सोमवार को द घोरावल बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रयागदास को शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि श्रीनाथ त्रिपाठी ने कहा कि एक स्वस्थ लोकतंत्र का आधार वहां की न्याय प्रणाली होती है। इस न्याय प्रणाली में पीड़ितों को समुचित न्याय दिलाना अधिवक्ता समाज की प्रमुख जिम्मेदारी है।
कहा कि वर्तमान परिवेश में अधिवक्ता समाज को शोषण और अन्याय के प्रति उसी तरह समाज का नेतृत्व करना चाहिए जैसा स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन के दौरान तात्कालीन समाज का नेतृत्व किया। कहा कि वर्ष 2010 के बाद वकीलों को राजिस्ट्रेशन के लिए अब निर्धारित परीक्षा पास करना होगा। कहा कि घोरावल में मुंसिफ कोर्ट की स्थापना के लिए बार काउंसिल कदम से कदम मिलाकर हर तरह के संघर्ष के लिए तैयार है। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अध्यक्षता कर रहे श्रीनाथ सिंह ने आभार ज्ञापन किया। विधायक उदयलाल मौर्य, श्याम बिहारी यादव, रमेश राम पाठक, अशोक अग्रवाल, रमेश पांडेय, प्रतिकांत द्विवेदी, कौशल नरेश पटेल, दया शंकर गुप्ता, राम अनुज धर द्विवेदी, मदन गोपाल सिंह, अफजल अहमद सिद्दीकी आदि मौजूद रहे। संचालन विश्राम सिंह ने किया।