बभनी। बीजपुर थाना क्षेत्र के धन्वंतरी चिकित्सालय रिहन्द नगर में शुक्रवार की सुबह संदिग्ध हाल में इलाज कराने पहुंचे एक श्रमिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवा दिया।
मनोज कुमार केवट (20) पुत्र राजेंद्र प्रसाद केवट निवासी हर्रई, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती एनटीपीसी परियोजना में काम करा रहे एक ठेकेदार से जुड़कर श्रमिक के रूप में काम कर रहे थे। शुक्रवार को सुबह अचानक उनके सीने में दर्द होने लगा और सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। हालत बिगड़ते देख परिजनों ने उन्हें एंबुलेंस से धन्वंतरी चिकित्सालय रिहंद नगर में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। चिकित्सक का कहना था कि युवक के सीने में दर्द के अलावा सांस लेने में दिक्कत थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा। एनटीपीसी रिहंद नगर बीजपुर के जनसंपर्क अधिकारी प्रशांक चंद्रा का कहना है कि इलाज के लिए अस्पताल आए मध्य प्रदेश निवासी श्रमिक की मौत होने की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि श्रमिक की मौत किन कारणों से हुई है।