सोनभद्र। जिले में शुक्रवार को बारिश के साथ बिजली आफत बनकर गिरि। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के परसौना में बिजली से युवक और दुद्घी कोतवाली के नगवां गांव में युवती की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले गई। वहीं बिजली की चपेट में आने से एक विवाहिता झुलस गई।
जानकारी के अनुसार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के परसौना गांव निवासी राजाराम (40) पुत्र मंगरु कोल शुक्रवार की सांय करीब चार बजे घर से करीब 500 मीटर दूर गांव में ही अपनी गायों को चरा रहा था। उसी दौरान बारिश होने लगी और तेज गरज के साथ बिजली कड़कने लगी।राजाराम उस समय किसी पेड़ के नीचे खड़ा था। उसी दौरान बारिश होता देख राजाराम अपनी गायों के पास आया और गायों को हांकने लगा।उसी समय बिजली गिरने से राजाराम उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया गया कि मृतक राजाराम के चार बेटियां एवं एक पुत्र है और वह दो भाइयों में बड़ा था। सूचना मिलते ही एसडीएम जैनेंद्र सिंह ने परसौना गांव में मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इस सम्बंध में तहसीलदार विकास पांडेय ने बताया कि परसौना गांव में शुक्रवार को बिजली गिरने से एक आदिवासी राजाराम की मौत हुई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्यवाही की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा राशि दिया जाएगा। दुद्धी संवादाता के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे नगवां गांव के पठहेरी टोला में बिजली गिरने से दो युवती झुलस गई। बिजली से अनिता 18 की मौत हो गई। वहीं हीरमन देवी 22 सीएचसी दुद्घी में इलाज चल रहा है। खबर लिखे लाने तक शवों का पोस्टमार्टम नहीं हुआ था।