सोनभद्र/डाला। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय जवारीडाड़ में एक दिन पूर्व घटिया भोजन के विरोध में जाम करने के दौरान पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किए जाने के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ने विद्यालय और छात्रावास का निरीक्षण किया।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वच्छ शौचालय, पेयजल, किचन के साथ ही क्लास रूम, आवासीय परिसर, किताब, कापी की उपलब्धता आदि की जानकारी ली। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी से विद्यालय के कमियों की एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने रसोई घर में जाकर खाद्य सामग्री के ब्रांडों को भी देखा। आवासीय व्यवस्था के उपयोग में लाई जा रही बेड, चौकी, बिस्तर, गद्दा, चादर, बेडशीट, तकिया के साफ.सफाई के साथ ही गुणवत्ता को भी देखा। शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता का परीक्षण स्कूली बालकों से पूछताछ के साथ ही ब्लैक बोर्ड पर प्रश्नों को लिखकर जवाब मांगा।
उन्होंने बेहतर शिक्षा दिए जाने की हिदायत संबंधितों को देते हुए कहा कि राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में गरीब तबके के बच्चे पढ़ते हैं। उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जो विषय पढ़ाये जा चुके हैं, उनका पुन: अध्ययन कराते हुए कोर्स को प्रतियोगी परीक्षाओं की भांति तैयार कराया जाए।
शिक्षा, भोजन, साफ-सफाई की गुणवत्ता बनाये रखने की हिदायत देते हुए कहा कि जांच के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विद्युतीकरण की सही व्यवस्था करनेए रसोइ घर में किसी प्रकार की अनावश्यक सामग्री न रखने तथा साफ-सफाई पर विषेष ध्यान दिए जाने की हिदायत दी। विज्ञान प्रयोगशाला में स्कूली बच्चों से उनका बौद्धिक परीक्षण भी डीएम ने जाना । उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालय के कमियों की एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत किया जाए।