डीएवी पब्लिक स्कूल एनटीपीसी रिहंदनगर में बृहस्पतिवार को विद्युत सुरक्षा सप्ताह के तहत कार्यक्रम हुआ। इसमें एनटीपीसी के ईएमडी विभाग से आई अर्चना भारती सीनियर मैनेजर, ब्रिजेश कुमार सीनियर मैनेजर, जितेंद्र सिंह, सुरक्षा विभाग के पी जगपति राजू ने विद्युत सुरक्षा सप्ताह के तहत विद्यार्थियों को जागरूक किया। विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार ने एनटीपीसी के सभी अधिकारियों का स्वागत किया। तत्पश्चात विद्यार्थियों को विद्युत सुरक्षा से संबंधित एक टेलीफिल्म दिखाई गई।
अर्चना भारती ने बताया कि हमें इलेक्ट्रिक उपकरणों का प्रयोग करते समय सावधानी बरतना चाहिए। आकाशीय बिजली कड़कने के समय मोबाइल, टेलीफोन, इंटरनेट जैसी सेवाओं के इस्तेमाल से बचना चाहिए। मोबाइल चार्जिंग के समय हमें मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। ब्रजेश कुमार ने कहा कि हमें विद्युत के उपकरणों को छूने से पहले सूखे हुए चप्पल पहनना चाहिए। करंट लगे हुए व्यक्ति को बचाने के लिए मेन पावर बंद करना चाहिए। जल्दबाजी में उसे नहीं छूना चाहिए। सुरक्षा विभाग के पी जगपति राजू ने बताया कि शार्ट सर्किट से घरों में आग लगने पर पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में अग्निशमन विभाग को सूचित करना चाहिए। इस मौकेेे पर विद्यालय के शिक्षक सोमनाथ चक्रवर्ती, डॉ. आरके झा, राजलक्ष्मी शेषण, रंजना सिंह आदि उपस्थित रहे।