दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के मधुबन गांव में चेकडैम में डूबने से अंश कुमार (10) की मौत हो गई। घटना बुधवार की शाम साढ़े चार बजे की है। वह शौच के लिए चेकडैम की तरफ गया था। पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया।
विज्ञापन
झारखंड के धुरकी थाना क्षेत्र के परासपानी गांव निवासी अंश कुमार मधुबन गांव में अपने नाना श्याम देव के घर रहकर पढ़ाई करता था। वह करचाटोला के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा-2 का छात्र था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास से अंश को बाहर निकाला गया, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामा बालेश्वर ने बताया कि भांजा अंश पिछले तीन साल से यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही झारखंड से अंशु की मां और अन्य परिजन आ गए।