सोनभद्र। जिले में पिछले दो वर्षों में हुए पौधरोपण व उसकी जियो टैगिंग की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वन विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। डीएफओ सोनभद्र को ज्ञापन सौंपकर पौधों की मौजूदा स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे ने कहा कि सोनभद्र प्रदेश का आखिरी लेकिन महत्वपूर्ण जिला है। आरोप लगाया कि सड़क निर्माण, औद्योगीकरण और अन्य विकास कार्यों के नाम पर वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षों की कटान हुई है, लेकिन उसके सापेक्ष पौधरोपण की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्यदाई संस्थाओं की ओर से किए गए पौधरोपण की जियो टैगिंग भले की गई हो, मगर इन पौधों की वर्तमान स्थिति की भौतिक जांच की जानी चाहिए। उन्होंने इसे करोड़ों रुपये के राजस्व से जुड़ा मामला बताया और कहा कि यह धन जनता के टैक्स से आता है, अतः पारदर्शिता और उत्तरदायित्व आवश्यक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जिले में पौधरोपण का कार्य लगातार हो रहा है तो एनजीटी की रिपोर्ट में सोनभद्र को अति प्रदूषित क्षेत्रों में क्यों दर्शाया गया है। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सूरज वर्मा, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता, मनोज मिश्रा, श्रीकांत मिश्रा, युवा कांग्रेस के जिला महासचिव दयाराम प्रजापति, निगम बियार, सूरज कुमार, धर्मेंद्र कोल आदि शामिल रहे।