सोनभद्र। उभ्भा गांव में रविवार को गोलीकांड में मारे गए दस लोगों के आश्रितों ने दसवां की रस्म अदायगी की। इसमें सोनांचल संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन लाल यादव व जन अधिकार पार्टी का 15 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल शामिल हुआ। नेताओं ने मृतकों के परिजनों और घायलों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करने का भरोसा दिलाया।
सोनांचल संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन लाल यादव ने कहा कि सोनांचल के आदिवासियों को अपने जमीन, जंगल और जल की रक्षा के लिए एकजुट होकर सड़क पर उतर कर आंदोलन करना पड़ेगा। उभ्भा की घटना से आदिवासी अपने मौलिक अधिकारों के लिए जग गया है। कहा कि किसी सूरत में आदिवासियों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। रोशन को मृतकों के परिजन बसंतलाल, राम प्रताप, छोटेलाल, रामकिशुन, लक्षणधारी, भोगलाल, लालजी समेत अन्य ने बिलखते हुए घटना के बारे में जानकारी दी।