घोरावल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ छेड़खानी व मारपीट के बाद हुए विवाद व मारपीट में एक पक्ष से तीन महिलाओं समेत 6 लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने रविवार को पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीया किशोरी व उसके परिवार के 5 सदस्यों को रविवार दोपहर बाद पुलिस ने घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार को देर शाम उसकी पुुत्री घर के पास प्राथमिक विद्यालय से हैंडपंप से पानी लेने गई थी। उसी दौरान गांव के ही चौकीदार का बेटा वहां आया और उसकी पुुत्री केे साथ छेड़खानी करने लगा। बेटी घर पहुंची तो आरोपी युवक वहां पहुंचा और मारपीट करने लगा। घर के लोग खलिहान में काम कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही वे सभी घर पहुंचे। इसी बीच आरोपी युवक के पक्ष से आधा दर्जन लोग घर आए और लाठी डंडे से मारपीट करनी शुरू कर दी। इस मारपीट में परिवार के 6 सदस्य घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर रविवार दोपहर पुलिस ने सभी को उपचार के लिए घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक देवतानंद सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर सुदर्शन, बुधिराम, सुधाकर, हीरावती व सुरजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।