भाई-बहन के बीच स्नेह एवं प्यार का पर्व रक्षाबंधन सोमवार को जिलेभर में मनाया गया। भाई की कलाई पर बहनें स्नेह की डोर बांधी। राखी बांधने के लिए बहनें सुबह से व्रत रहीं। सुबह बाजार में सजीं राखी एवं मिठाई की दुकानों पर बहनें खरीदारी करती दिखीं।
दोपहर में 1 बजकर 25 मिनट के बाद रक्षाबंधन शुरू हुआ। बहनें अपने भाईयों की कलाई पर शुभ मुहुर्त में रक्षासूत्र बांधकर अपने और अपने परिवार की रक्षा का वचन लिया। वहीं भाई भी राखी बंधाई के पश्चात बहनों को गिफ्ट भेंट किए।
रॉबर्ट्सगंज नगर के बढ़ौली चौक, मेन चौक, पन्नूगंज रोड, सिविल लाइंस रोड, धर्मशाला चौक के साथ ग्रामीण बाजारों में सजीं रंग बिरंगी राखियों के साथ मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटी रहीं।
वहीं दूसरी तरफ ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से जिले के विभिन्न स्थानों पर एक सप्ताह तक रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। ब्रह्माकुमारी बहनों ने जिला कारागार में कैदियों एवं अन्य लोगों की कलाई में रक्षा सूत्र बांधकर सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प दिलाया।
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की केंद्र संचालिका सुमन बहन ने कहा कि मर्यादाओं का बंधन मनुष्य जीवन में रोग, शोक और विकारों को मुक्त कर देता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रतिभा, सीता, सरोज, कविता, दीपशिखा, अवधेश, हरिन्द्र भाई आदि का सहयोग रहा।
वृक्षों को रक्षासूत्र बांध लिया संरक्षण का संकल्प
नगवां ब्लॉक के पल्हारी स्थित पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय में हरियाली आंदोलन के संयोजक तथा स्काउट मास्टर डॉ. बृजेश महादेव के नेतृत्व में बच्चों ने वृक्षों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में रोपित नीम, पीपल, आम, बकायन, केशिया, गम्हार सहित दर्जनों वृक्षों को बच्चों ने रक्षासूत्र बांधा। उन्होंने कहा कि जहां है हरियाली वहां है खुशहाली। इसलिए पौधरोपण के साथ उनका संरक्षण जरूरी है। डॉ. बृजेश समय-समय पर बीज व पौधों का वितरण भी करते हैं। अतिथियों को भी उपहार स्वरूप पौधें भेंट करते हैं।