कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते चुनाव प्रेक्षक।
- फोटो : SONBHADRA
विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त व्यय प्रेक्षक श्रीराम विश्नोई ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक ली। चुनाव से जुड़ी व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा।
व्यय प्रेक्षक ने उड़न दस्ता टीम, स्थायी निगरानी टीम, वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, लेखा टीम, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी के साथ बैठक कर विस्तार से आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। बैठक में व्यय लेखा अनुवीक्षण प्रकोष्ठ संबंधी नोडल अधिकारी वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार सिंह ने कहा कि समय से दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर लेने से गलती की आशंका नहीं रहती। लिहाजा दिशा-निर्देशों का भलि-भांति अध्ययन कर लें। बैठक में एडीएम न्यायिक भानु प्रताप यादव, एमसीएमसी के सचिव राजेश कुमार खैरवार, उड़न दस्तों के प्रभारी व सदस्य आदि मौजूद रहे।
सहायक मतदेय स्थल बनाने पर हुई चर्चा
डीएम टीके शिबू ने ओबरा विस क्षेत्र में सहायक मतदेय स्थल बनाए जाने के संबंध में ओबरा क्षेत्र के राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। इसमें आयोग के निर्देशों से अवगत कराते हुए सभी पहलुओं का अध्ययन कर समुचित स्थल के चयन का निर्देश दिया। बैठक में एडीएम राकेश सिंह, एसडीएम जैनेंद्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह, राजकुमार, सुनील श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।