चुनाव आचार संहिता लगने के बाद से प्रशासन चुनाव प्रचार सामग्रियों को सार्वजनिक स्थानों से हटवाने में लगा है। इसी को लेकर मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल रंजन कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। रिटर्निंग अफसरों के साथ ही पुलिस क्षेत्राधिकारियों को चुनाव आचार संहिता का अक्षरश: पालन कराने का निर्देश दिया। डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव ने अवांछनीय तत्वों को पाबंद करने के साथ ही जरूरी कार्रवाई का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने कहा कि विधानसभा चुनाव से जुड़े कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ अपने कर्तव्य निष्ठा का परिचय देकर चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके के संपन्न कराएं। सार्वजनिक स्थानों, सरकारी भवनों, बिजली के खंभों पर किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार सामग्री प्रदर्शित न होने पाए। चुनाव से जुड़े अधिकारी अपने कार्य के साथ ही आचरण से भी निष्पक्ष दिखें। डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव ने सुरक्षा व्यवस्था व आदर्श आचार संहिता के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया। कहा पुलिस अपराधियों को चिह्नित करे। सूचना तंत्र को मजबूत रखे और जहां अधिक बूथ हैं, चिन्हित कर मुकम्मल सुरक्षा व्यवस्था बनाई जाए। राजनैतिक दलों के वाहन की अनुमति औपचारिकताओं को पूरी करते हुए 24 घंटे के अंदर जारी किया जाय। जिला निर्वाचन अधिकारी सीबी सिंह ने जिले में की गई चुनावी तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में अपर आयुक्त विंध्याचल मंडल सूर्यमन लालचंद, एसपी लल्लन सिंह, सीडीओ रामाश्रय, एडीएम रामचंद्र, एएसपी डा. अवधेश सिंह, चंद्र प्रकाश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर विशाल कुमार यादव, रिटर्निंग आफिसर, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मधुसूदन दूबे आदि मौजूद रहे।