राजकीय इंटर कॉलेज गुरमुरा में आयोजित नई दिशा कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्रा व अतिथि।
हाथीनाला। राजकीय इंटर कॉलेज गुरमुरा में सोमवार काे अमर उजाला के नई दिशा: भविष्य की ओर पहला कदम कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को जीवन की वास्तविक सफलता के गुर बताए गए। उन्हें परीक्षा में अंकों की परवाह छोड़कर अच्छी पढ़ाई के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अगर लगन और मेहनत से पढ़ाई की जाएगी तो वह जरूर काम आएगी, भले ही स्कूल की परीक्षा में नंबर कम आए हों।
प्रवक्ता पंकज कुमार त्रिपाठी ने कहा कि हर बच्चा बेहतर प्रदर्शन चाहता है। यही अपेक्षा अभिभावक की भी होती है, लेकिन इसे सिर्फ अंकों से नहीं आंका जा सकता। परीक्षा के अंक यह तय नहीं करते कि बच्चा पढ़ने में अच्छा है या नहीं, उसे जीवन में सफलता मिलेगी या नहीं। असली सफलता का रास्ता मेहनत और लगन से निकलता है। ऐसे तमाम उदाहरण समाज में मौजूद हैं, जिन्होंने कम अंक पाकर भी देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। लिहाजा अपना पूरा ध्यान अपनी अच्छी पढ़ाई पर लगाएं न कि सिर्फ नंबर पाने पर। कम अंक पाने पर निराश न हों। अपनी कमियां को ढूंढकर उसे सुधारें। अतुल कुमार सिंह ने अपनी रुचि के अनुरूप कॅरियर चुनने और कौशल विकास पर जोर दिया। कहा कि आज स्किल की मांग है। अगर आपके पास हुनर है तो आप पीछे नहीं रह सकते। हुनरमंद बनने के लिए अपने रुचि का कॅरियर चुनना भी जरूरी है। एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा की बजाए खुद से अपना आंकलन करें। हर बच्चा दूसरे से अलग होता है। उसमें कोई न कोई खूबी जरूर होती है। अपनी खूबी पहचान कर उसे तराशें। प्रधानाचार्य शुभांक सिंह ने विद्यार्थियों को अखबार पढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि इससे शब्द भंडार, भाषा व लेखन शैली में सुधार होता है। अखबार हमें देश-दुनिया की खबराें के साथ शुद्ध लिखना-पढ़ना भी सिखाते हैं। कार्यक्रम में शिक्षक गौरव सिंह, राजकुमार यादव, जीतेंद्र कुमार पाल, रामनिहोर आदि मौजूद रहे।